Hindi Commentary By Swami Ramsukhdas
।।9.26।। व्याख्या–[भगवान्की अपरा प्रकृतिके दो कार्य हैं–पदार्थ और क्रिया। इन दोनोंके साथ अपनी एकता मानकर ही यह जीव अपनेको उनका भोक्ता और मालिक मानने लग जाता है और इन पदार्थों और क्रियाओंके भोक्ता एवं मालिक भगवान् हैं — इस बातको वह भूल जाता है। इस भूलको दूर करनेके लिये ही भगवान् यहाँ कहते हैं कि पत्र, पुष्प, फल आदि जो कुछ पदार्थ हैं और जो कुछ क्रियाएँ हैं (9। 27), उन सबको मेरे अर्पण कर दो, तो तुम सदासदाके लिये आफतसे छूट जाओगे (9। 28)।दूसरी बात, देवताओंके पूजनमें विधि-विधानक, मन्त्रों आदिकी आवश्यकता है। परन्तु मेरा तो जीवके साथ स्वतः-स्वाभाविक अपनेपनका सम्बन्ध है, इसलिये मेरी प्राप्तिमें विधियोंकी मुख्यता नहीं है। जैसे, बालक माँकी गोदीमें जाय, तो उसके लिये किसी विधिकी जरूरत नहीं है। वह तो अपनेपनके सम्बन्धसे ही माँकी गोदीमें जाता है। ऐसे ही मेरी प्राप्तिके लिये विधि, मन्त्र आदिकी आवश्यकता नहीं है, केवल अपनेपनके दृढ़ भावकी आवश्यकता है।]
‘पत्रं पुष्पं फलं तोयं यो मे भक्त्या प्रयच्छति’– जो भक्त अनायास यथासाध्य प्राप्त पत्र (तुलसीदल आदि), पुष्प, फल, जल आदि भी प्रेमपूर्वक भगवान्के अर्पण करता है, तो भगवान् उसको खा जाते हैं। जैसे, द्रोपदीसे पत्ता लेकर भगवान्ने खा लिया और त्रिलोकीको तृप्त कर दिया। गजेन्द्रने सरोवरका एक पुष्प भगवान्के अर्पण करके नमस्कार किया, तो भगवान्ने गजेन्द्रका उद्धार कर दिया। शबरीके दिये हुए फल पाकर भगवान् इतने प्रसन्न हुए कि जहाँ कहीं भोजन करनेका अवसर आया, वहाँ शबरीके फलोंकी प्रशंसा करते रहे (टिप्पणी प0 514.1)। रन्तिदेवने अन्त्यजरूपसे आये भगवान्को जल पिलाया तो उनको,भगवान्के साक्षात् दर्शन हो गये।
जब भक्तका भगवान्को देनेका भाव बहुत अधिक बढ़ जाता है, तब वह अपने-आपको भूल जाता है। भगवान् भी भक्तके प्रेममें इतने मस्त हो जाते हैं कि अपने-आपको भूल जाते हैं। प्रेमकी अधिकतामें भक्तको इसका खयाल नहीं रहता कि मैं क्या दे रहा हूँ, तो भगवान्को भी यह खयाल नहीं रहता कि मैं क्या खा रहा हूँ! जैसे, विदुरानी प्रेमके आवेशमें भगवान्को केलोंकी गिरी न देकर छिलके देती है, तो भगवान् उन छिलकोंको भी गिरीकी तरह ही खा लेते हैं! (टिप्पणी0 514.2)।
‘तदहं भक्त्युपहृतमश्नामि प्रयतात्मनः’– भक्तके द्वारा प्रेमपूर्वक दिये गये उपहारको भगवान् स्वीकार ही नहीं कर लेते, प्रत्युत उसको खा लेते हैं — ‘अश्नामि।’ जैसे, पुष्प सूँघनेकी चीज है, पर भगवान् यह नहीं देखते कि यह खानेकी चीज है या नहीं वे तो उसको खा ही लेते हैं। उसको आत्मसात् कर लेते हैं, अपनेमें मिला लेते हैं। इससे यह सिद्ध हुआ कि भक्तका देनेका भाव रहता है, तो भगवान्का भी लेनेका भाव हो जाता है। भक्तमें भगवान्को खिलानेका भाव आता है, तो भगवान्को भी भूख लग जाती है
‘प्रयतात्मनः’का तात्पर्य है कि जिसका अन्तःकरण भगवान्में तल्लीन हो गया है, जो केवल भगवान्के ही परायण है, ऐसे प्रेमी भक्तके दिये हुए उपहार-(भेंट-) को भगवान् स्वयं खा लेते हैं।यहाँ पत्र, पुष्प, फल और जल– इन चारोंका नाम लेनेका तात्पर्य यह है कि पत्र, पुष्प और फल– ये तीनों जलसे पैदा होनेके कारण जलके कार्य हैं और जल इनका कारण है। इसलिये ये पत्र, पुष्प आदि कार्यकारणरूप मात्र पदार्थोंके उपलक्षण हैं; क्योंकि मात्र सृष्टि जलका कार्य है और जल उसका कारण है। अतः मात्र पदार्थोंको भगवान्के अर्पण करना चाहिये।
इस श्लोकमें ‘भक्त्या’ और ‘भक्त्युपहृतम्’– इस रूपमें ‘भक्ति’ शब्द दो बार आया है। इनमें ‘भक्त्या’ पदसे भक्तका भक्तिपूर्वक देनेका भाव है और ‘भक्त्युपहृतम्’ पद भक्तिपूर्वक दी गयी वस्तुका विशेषण है। तात्पर्य यह हुआ कि भक्तिपूर्वक देनेसे वह वस्तु भक्तिरूप, प्रेमरूप हो जाती है, तो भगवान् उसको आत्मसात् कर लेते हैं; अपनेमें मिला लेते हैं; क्योंकि वे प्रेमके भूखे हैं।
विशेष बात
इस श्लोकमें पदार्थोंकी मुख्यता नहीं है, प्रत्युत भक्तके भावकी मुख्यता है; क्योंकि भगवान् भावके भूखे हैं; पदार्थोंके नहीं। अतः अर्पण करनेवालेका भाव मुख्य (भक्तिपूर्ण) होना चाहिये। जैसे, कोई अत्यधिक गुरुभक्त शिष्य हो, तो गुरुकी सेवामें उसका जितना समय, वस्तु, क्रिया लगती है, उतना ही उसको आनन्द आता है, प्रसन्नता होती है। इसी तरह पतिकी सेवामें समय, वस्तु, क्रिया लगनेपर पतिव्रता स्त्रीको बड़ा आनन्द आता है क्योंकि पतिकी सेवामें ही उसको अपने जीवनकी और वस्तुकी सफलता दीखती है। ऐसे ही भक्तका भगवान्के प्रति प्रेमभाव होता है, तो वस्तु चाहे छोटी हो या बड़ी हो, साधारण हो या कीमती हो, उसको भगवान्के अर्पण करनेमें भक्तको बड़ा आनन्द आता है। उसका भाव यह रहता है कि वस्तुमात्र भगवान्की ही है। मेरेको भगवान्ने सेवापूजाका अवसर दे दिया है– यह मेरेपर भगवान्की विशेष कृपा हो गयी है! इस कृपाको देखदेखकर वह प्रसन्न होता रहता है।
भावपूर्वक लगाये हुये भोगको भगवान् अवश्य स्वीकार करते हैं, चाहे हमें दीखे या न दीखे। इस विषयमें एक आचार्य कहते थे कि हमारे मन्दिरमें दीवालीसे होलीतक अर्थात् सरदीके दिनोंमें ठाकुरजीको पिस्ता, बादाम, अखरोट, काजू, चिरौंजी आदिका भोग लगाया जाता था; परन्तु जब यह बहुत महँगा हो गया, तब हमने मूँगफलीका भोग लगाना शुरू कर दिया। एक दिन रातमें ठाकुरजीने स्वप्नमें कहा — अरे यार! तू मूँगफली,ही खिलायेगा क्या?’ उस दिनके बाद फिर मेवाका भोग लगाना शुरू कर दिया। उनको यह विश्वास हो गया कि जब ठाकुरजीको भोग लगाते हैं, तब वे उसे अवश्य स्वीकार करते हैं।
भोग लगानेपर जिन वस्तुओंको भगवान् स्वीकार कर लेते हैं, उन वस्तुओंमें विलक्षणता आ जाती है अर्थात् उन वस्तुओंमें स्वाद बढ़ जाता है, उनमें सुगन्ध आने लगती है; उनको खानेपर विलक्षण तृप्ति होती है, वे चीजें कितने ही दिनोंतक पड़ी रहनेपर भी खराब नहीं होतीं; आदि-आदि। परन्तु यह कसौटी नहीं है कि ऐसा होता ही है। कभी भक्तका ऐसा भाव बन जाय तो भोग लगायी हुई वस्तुओंमें ऐसी विलक्षणता आ जाती है — ऐसा हमने सन्तोंसे सुना है।
मनुष्य जब पदार्थोंकी आहुति देते हैं तो वह यज्ञ हो जाता है; चीजोंको दूसरोंको दे देते हैं तो वह दान कहलाता है, संयमपूर्वक अपने काममें न लेनेसे वह तप हो जाता है और भगवान्के अर्पण करनेसे भगवान्के साथ योग (सम्बन्ध) हो जाता है — ये सभी एक त्यागके ही अलगअलग नाम हैं।
सम्बन्ध–संसारमात्रके दो रूप हैं–पदार्थ और क्रिया। इनमें आसक्ति होनेसे ये दोनों ही पतन करनेवाले होते हैं। अतः ‘पदार्थ’ अर्पण करनेकी बात पूर्वश्लोकमें कह दी और अब आगेके श्लोकमें ‘क्रिया’ अर्पण करनेकी बात कहते हैं।
योगी वेमन के जीवन की यह प्रसिद्ध कहानी हिंदी में नीचे दी गई है। यह कहानी हमें सिखाती है कि ईश्वर और ज्ञानी पुरुष धन-दौलत के नहीं, बल्कि सच्चे प्रेम और भाव के भूखे होते हैं।
अहंकार का भोजन और प्रेम का अमृत – योगी वेमन की कहानी
महान तेलुगु संत और कवि योगी वेमन एक जगह से दूसरी जगह घूमते रहते थे। वे जाति-पाति, दिखावे और पाखंड के सख्त खिलाफ थे। एक बार कड़ी धूप में चलते हुए वे एक गाँव में पहुँचे।
योगी वेमन के आने की खबर सुनते ही गाँव वाले उनके दर्शन के लिए उमड़ पड़े। गाँव के बड़े-बड़े ज़मींदार और अमीर लोग उन्हें भोजन कराने के लिए आगे आए, क्योंकि वे इसे पुण्य का काम मानते थे।
अमीर का अहंकार
गाँव का एक बहुत अमीर व्यापारी, जिसने कीमती कपड़े पहने थे, भीड़ को चीरते हुए आगे आया। उसके हाथ में चाँदी की एक थाली थी, जिसमें तरह-तरह के स्वादिष्ट पकवान और मिठाइयाँ सजी थीं। उसे अपनी दौलत और ऊँची जाति का बहुत घमंड था।
उसने वेमन से कहा, “स्वामी जी, कृपया यह भिक्षा स्वीकार करें। यह हमारे ‘शुद्ध’ रसोईघर में बड़े ही नियमों के साथ पकाया गया सबसे उत्तम भोजन है।”
वेमन ने उस चाँदी की थाली को देखा और फिर उस व्यापारी को। उन्होंने तुरंत उसे अस्वीकार कर दिया।
“इसे हटा लो,” वेमन ने कहा। “इस खाने से गंदगी की बदबू आ रही है।”
वहाँ मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। व्यापारी को बहुत अपमानित महसूस हुआ। उसने सोचा, “चाँदी की थाली में परोसे गए इतने स्वादिष्ट भोजन में बदबू कैसे आ सकती है?”
बूढ़ी महिला का प्रेम
उसी भीड़ के पीछे एक बूढ़ी भिखारिन खड़ी थी, जिसे समाज में ‘अछूत’ माना जाता था। उसके फटे-पुराने कपड़े थे और हाथ में एक पुराना मिट्टी का बर्तन था। उस बर्तन में थोड़ी सी ‘अंबाली’ (रागी की कांजी/दलिया) थी, जिसे उसने सुबह मांगकर इकट्ठा किया था।
वेमन को धूप में बैठा देख उसे उन पर बहुत दया आई। वह मन ही मन सोचने लगी, “स्वामी जी भूखे लग रहे हैं।” लेकिन उसे डर था कि जब उन्होंने अमीर व्यापारी का शाही खाना ठुकरा दिया, तो भला उसकी गरीब कांजी को क्यों स्वीकार करेंगे?
लेकिन योगी वेमन की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने उसकी आँखों में एक माँ की ममता देखी।
वेमन ने हाथ फैलाकर उससे कहा, “माँ! मुझे बहुत ज़ोर की भूख लगी है। क्या तुम मुझे खाना दोगी?”
यह सुनकर भीड़ स्तब्ध रह गई। वह बूढ़ी औरत कांपते हाथों से आगे बढ़ी और अपने मिट्टी के बर्तन से वह साधारण कांजी वेमन के हाथों में डाल दी। वेमन ने उसे बड़े चाव से पिया, जैसे कि वह स्वर्ग का अमृत हो।
वेमन की सीख
यह देखकर वह अमीर व्यापारी गुस्से में बोला, “स्वामी जी! आपने मेरी चाँदी की थाली के शुद्ध भोजन को ‘गंदा’ कहा और इस भिखारिन के मिट्टी के बर्तन का झूठा खाना खा रहे हैं? यह क्या पागलपन है?”
तब योगी वेमन ने शांत भाव से उत्तर दिया:
“तुम्हारे भोजन में घी और मेवे तो थे, लेकिन वह ‘अहंकार’ (घमंड) से भरा हुआ था। तुम अपनी रईसी दिखाना चाहते थे, मेरी भूख मिटाना नहीं। इसलिए वह अशुद्ध था।”
उन्होंने उस बूढ़ी महिला की ओर इशारा करते हुए कहा:
“लेकिन इस माँ के पास खुद खाने के लिए कुछ नहीं था। फिर भी, इसने अपनी भूख की परवाह न करते हुए, बड़े प्रेम और ममता से अपना भोजन मुझे दे दिया। इसका बर्तन मिट्टी का हो सकता है, लेकिन इसका दिल सोने का है। अहंकार के साथ परोसे गए पकवान से, प्रेम के साथ दी गई सूखी रोटी कहीं अधिक श्रेष्ठ है।“
कहानी का सार
ईश्वर या ज्ञानी व्यक्ति बर्तनों की चमक या भोजन का स्वाद नहीं देखते, वे देने वाले के मन की पवित्रता और प्रेम देखते हैं।